वाराणसी , मई 02 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के राजातालाब तहसील क्षेत्र में एक जीवित व्यक्ति को मृत दर्शाकर जमीन हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की शिकायत पर प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राजातालाब अंतर्गत ग्राम कचनार निवासी दीनदयाल उर्फ सभूति ने अपने सगे भतीजों पर आरोप लगाया है कि उन्हें जीवित रहते हुए राजस्व अभिलेखों में मृत दर्शाकर उनकी पैतृक भूमि अपने नाम दर्ज करा ली गई। इस संबंध में पीड़ित ने शनिवार को समाधान दिवस पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजातालाब को प्रार्थना-पत्र दिया।

शिकायत में दीनदयाल ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय राजनाथ के नाम ग्राम कचनार एवं बंगालीपुर में भूमि दर्ज थी। आरोप है कि वर्ष 2020 में उनका फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र तैयार कर उन्हें मृत दर्शाया गया, जिसके बाद उनके भतीजे आदित्य नारायण, सुनील कुमार और सुजीत कुमार (पुत्रगण स्व. विभूति नारायण) ने उत्तराधिकार के आधार पर पूरी जमीन अपने नाम करा ली।

पीड़ित के अनुसार, भतीजों ने पहले वर्ष 2014 में फर्जी वसीयत के जरिए जमीन हड़पने का प्रयास किया, लेकिन सफल न होने पर बाद में कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाकर ऑनलाइन उत्तराधिकार दर्ज कराया।

उपजिलाधिकारी शांतनु कुमार सिनसिनवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तहसीलदार को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित