वाराणसी , फरवरी 3 -- वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में मंगलवार शाम नगर निगम सभागार में हुई कार्यकारिणी बैठक में शहर में अनियंत्रित रूप से संचालित मांस की दुकानों को व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया। कार्यकारिणी सदस्य मदन मोहन तिवारी के प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए निगम ने शहर की चारों दिशाओं में विशेष 'मीट मार्केट जोन' विकसित करने का फैसला किया।

प्रारंभिक चरण में पिसौर क्षेत्र, चितईपुर, रामनगर-सुजाबाद के मध्य तथा सारनाथ (ऐढ़े) क्षेत्र में उपयुक्त स्थलों का चयन किया गया है। इन जोनों में अत्याधुनिक दुकानों का निर्माण किया जाएगा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

निगम के अनुसार, घनी आबादी और मुख्य सड़कों पर संचालित दुकानों से स्वच्छता एवं यातायात संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। प्रस्तावित जोन बनने से दुकानों का पंजीकरण, नियमित निरीक्षण और कचरा निस्तारण की आधुनिक व्यवस्था लागू करना संभव होगा। महापौर ने नगर आयुक्त को शीघ्र विस्तृत आख्या व बजट प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित