वाराणसी , फरवरी 11 -- उत्तर प्रदेश में इन दिनों शादियों के कारण काशी की सड़कों पर रोज़ घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। मंगलवार देर रात सड़क जाम कर तेज डीजे की धुन पर बारात निकालने के मामले में डीजे संचालक नकुल मौर्या के खिलाफ महमूरगंज चौकी के उप-निरीक्षक नितेश कुमार की तहरीर पर भेलूपुर थाने में बीएनएस की धारा 285, 293 एवं 295 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

उप-निरीक्षक श्री कुमार ने बताया कि बिना अनुमति के निर्धारित समय सीमा के बाद डीजे संचालन किया जा रहा था। साथ ही बारात रूट पर लगभग 75 प्रतिशत सड़क पर कब्जा कर फैली हुई थी। मौके पर पहुँचने पर सबसे पहले डीजे संचालक को समझाया-बुझाया गया, लेकिन संचालक ने किसी भी बात को अनसुना कर दिया और मानकों के विपरीत तेज ध्वनि में डीजे बजाना जारी रखा।

इसके कारण वैष्णवी लॉन के समक्ष लंबा जाम लग गया और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। तेज डीजे की धुन पर बारात में शामिल लोग खूब थिरकते नजर आए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित