वाराणसी , दिसंबर 8 -- वाराणसी के चौक थाने में समाजसेवी बड़ी पीयरी निवासी अम्बरीश कुमार सिंह के तहरीर पर आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर, उनकी पत्नी नूतन ठाकुर तथा अन्य लोगों के खिलाफ सोमवार को मुकदमा दर्ज किया गया।

समाजसेवी बड़ी पीयरी निवासी अम्बरीश कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि अमिताभ ठाकुर और नूतन ठाकुर ने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो और पत्र पोस्ट कर छवि धूमिल करने की कोशिश की तथा समाज में वैमनस्यता फैलाने का प्रयास किया। उक्त वीडियो और पत्र 30 नवंबर को पोस्ट किया गया था, जिसमें अमिताभ ठाकुर को आजाद अधिकार सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा नूतन ठाकुर को महासचिव बताया गया है। वीडियो और पत्र में मनगढ़ंत और तथ्यहीन आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 229, 356(2) तथा 356(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित