वाराणसी , अप्रैल 11 -- देश की प्रमुख गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अन्नपूर्णा रसोईघर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) आपूर्ति शुरू करने के लिए शनिवार को समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता मंदिर न्यास के उप जिलाधिकारी शंभू शरण तथा गेल के महाप्रबंधक सुशील कुमार (वाराणसी), सुरेश तिवारी, गौरी शंकर मिश्रा और देवाशीष साहू की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
अधिकारियों ने इसे पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा दक्षता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उनके अनुसार अगले दो से तीन दिनों में अन्नपूर्णा रसोईघर में पीएनजी आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। यह क्षेत्र का पहला ऐसा रसोईघर होगा, जहां पाइप्ड नेचुरल गैस की सुविधा उपलब्ध होगी।
अन्नपूर्णा रसोईघर में प्रतिदिन लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार किया जाता है। वर्तमान में यहां प्रतिदिन करीब 15 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग होता है, जो मासिक रूप से लगभग 450 सिलेंडरों तक पहुंच जाता है। पीएनजी आपूर्ति शुरू होने के बाद एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। इससे रसोई संचालन अधिक सुगम, सुरक्षित और निर्बाध होगा। साथ ही गैस रिसाव जैसी दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी एक स्वच्छ ईंधन है, जिससे प्रदूषण कम होता है और मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों की वायु गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है। गेल ने संकेत दिया कि यह योजना केवल अन्नपूर्णा रसोईघर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को लाभ मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित