वाराणसी , मार्च 6 -- स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के लिए वाराणसी नगर निगम लगातार प्रयासरत है। इसके लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से निगम ने अब प्रत्येक वार्ड में चार अलग-अलग श्रेणियों के डस्टबिन तथा जागरूकता स्टिकर वितरित करने का निर्णय लिया है, ताकि शत-प्रतिशत कूड़े का सोर्स सेग्रिगेशन ( पृथक्करण) सुनिश्चित किया जा सके।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर निगम का लक्ष्य है कि कचरा घर से ही अलग-अलग श्रेणियों में निकले। इसके लिए घरों के बाहर जागरूकता स्टिकर लगाए जा रहे हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जो नागरिक इस नियम का पालन करेंगे, उन्हें प्रोत्साहित किया जाए तथा जो सहयोग नहीं कर रहे हैं, उन्हें स्वच्छता नियमों की जानकारी दी जाए और उनका पालन सुनिश्चित कराया जाए।

इस क्रम में अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक वार्ड के लिए चार रंगों के कूड़ेदान (डस्टबिन) उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। अभियान के पहले चरण में प्रत्येक वार्ड से कम से कम 30 ऐसे भवन स्वामियों को चिह्नित करने को कहा गया है, जो शत-प्रतिशत कूड़ा पृथक्करण का पालन कर रहे हैं या इसके लिए तत्पर हैं। इन नागरिकों को मॉडल के रूप में डस्टबिन और जागरूकता स्टिकर प्रदान किए जा रहे हैं, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हो सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित