वाराणसी , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी की भेलूपुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी को एसएमएस भेजकर कचहरी को बम से उड़ाने और उन्हें खत्म करने की धमकी देने वाले आरोपी को गुरुवार देर शाम को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान रैसीपुर सत्तनपुर निवासी अजीत कुमार सरोज के रूप में हुई है। युवक से पूछताछ में पता चला कि वह विधि का छात्र है और कचहरी में नियमित रूप से आता-जाता रहता है। अपने एक पड़ोसी को फंसाने की नीयत से उसने यह हरकत की। जांच में युवक के एक युवती से प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है। युवती के परिजनों द्वारा संबंध का विरोध किए जाने की जानकारी मिली।
आरोपी ने धमकी देने के लिए उसी युवती से जुड़े मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया था, ताकि परिजनों को फंसाया जा सके। सर्विलांस टीम और एसओजी की संयुक्त टीम ने चंद घंटों के भीतर ही नंबर का पता लगा लिया। फिलहाल युवक से आगे की पूछताछ जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित