श्रीगंगानगर , जनवरी 14 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में साइबर थाना पुलिस ने एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क की कड़ी को तोड़ते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।
यह गिरफ्तारी भारतीय वायुसेना के जूनियर वारंट ऑफिसर अजय कुमार यादव (42) से 27 लाख 50 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में की गई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी के बैंक खाते में देश के विभिन्न राज्यों से कुल एक करोड़ 86 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन पाए गए हैं।
मामले की जांच कर रहे पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार न्यौल ने बुधवार को बताया कि पीड़ित अजय कुमार यादव, जो घटना के समय श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात थे, ने 13 मार्च 2024 को श्रीगंगानगर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से धोखा देकर लाखों रुपये ठग लिए। पुलिस ने लंबी जांच के बाद मोनू यादव को निशाने पर लिया, जिसकी तलाश काफी समय से चल रही थी।
श्री न्यौल ने बताया कि आरोपी झुंझुनू जिले के बुहाना थाना क्षेत्र निवासी मोनू उर्फ सोनू यादव (28 ) अपने घर और ज्ञात ठिकानों से फरार था। हाल ही में पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि वह अपने गांव लौटा है। इस आधार पर एक विशेष पुलिस टीम बुहाना क्षेत्र में उसके गांव पहुंची, जहां वह अपने खेत में छिपा हुआ मिला। गिरफ्तारी के बाद मोनू यादव को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को एक दिन की पुलिस हिरासत मिली है। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि फ्रॉड नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित