देहरादून , मार्च 24 -- उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को "मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना" के तहत लाभार्थियों को तीन करोड़ दो लाख रुपए से ज्यादा की धनराशि जारी की।

अपने शिविर कार्यालय पर धनराशि लाभार्थियों की खातों में डीबीटी करने के बाद श्रीमती आर्या ने बताया कि इस योजना में प्रदेश सरकार 2020 से ही कोरोना महामारी के समय अभिभावकों को खो देने वाले बेसहारा बच्चों को प्रति माह 3000 रुपए की सहायता राशि देती है। इस योजना के तहत जनवरी 2026 तक का धन पहले ही जारी कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि फरवरी में 5057 लाभार्थियों को कुल एक करोड़ 51 लाख 71 हजार रुपए आज जारी किए गए हैं। जबकि मार्च महीने के लिए कुल 5025 लाभार्थियों के एक करोड़ 50 लाख 75 हजार रुपए की धनराशि जारी की गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत लाभार्थी के 21 वर्ष के हो जाने या बालिका लाभार्थियों के विवाह या लाभार्थी के सेवायोजित हो जाने के बाद वह योजना से बाहर हो जाते हैं।

इस अवसर पर सीपीओ अंजना गुप्ता और डिप्टी सीपीओ राजीव नयन आदि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित