नयी दिल्ली , नवंबर 17 -- अमेरिका को निर्यात में गिरावट और सोने के आयात में उछाल के बीच अक्टूबर में देश का व्यापार घाटा 41.68 अरब डॉलर पर पहुँच गया जो एक रिकार्ड है। सितंबर में व्यापार घाटा बढ़कर 32.15 अरब डॉलर पर पहुँच गया था जो 13 महीने का उच्चतम स्तर था।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर में वाणिज्यक वस्तुओं का निर्यात 11.8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 34.38 अरब डॉलर रह गया, जबकि आयात 16.63 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 76.06 अरब डॉलर के स्तर पर रहा। पिछले वर्ष निर्यात 38.98 अरब डालर और आयात 65.21 अरब डालर था।
आंकड़ों के अनुसार सोने का आयात सितंबर महीने के 9.6 अरब डॉलर की तुलना में अक्टूबर में 14.7 अरब डॉलर रहा।
अक्टूबर में अमेरिका को निर्यात वार्षिक आधार पर लगभग 9 प्रतिशत घटकर 6.31 अरब डॉलर रह गया, जो एक साल पहले 6.91 अरब डॉलर था। वैसे अक्टूबर में निर्यात मासिक आधार पर थोड़ा सुधरा है। सितंबर में अमेरिका को निर्यात गिर कर 5.47 अरब डॉलर पहुंच गया था।
अमेरिका में भारतीय माल पर अगस्त के शुरू में 25 प्रतिशत और माह के अंत में इसे बढ़ा कर 50 प्रतिशत कर दिये जाने से विश्व के सबसे बड़े बाजार में देश का निर्यात प्रभावित हो रहा है। अमेरिका में ऊंचा शुल्क लगने से भारतीय कपड़ाें, झींगा और रत्न एवं आभूषण जैसे सामानों का निर्यात प्रभावित हुआ है।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में पहली बार अक्टूबर में गिरावट आई। इस गिरावट का एक कारण अमेरिका को निर्यात में कमी है। अग्रवाल ने संवाददाताओं से कहा, "व्यापार जगत में वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद सात महीनों में देश के कुल निर्यात (वस्तु और सेवा सहित) में 4.84 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में वस्तुओं के निर्यात में वृद्धि 0.63 प्रतिशत पर सीमित है।"ताजा आंकड़ों के अनुसार इस वित्त वर्ष में अप्रैल-अक्टूबर 2025 के दौरान व्यापारिक वस्तुओं निर्यात का संचयी निर्यात 254.25 अरब डॉलर रहा जो पिछले वर्ष इसी अवधि के 252.66 अरब डॉलर से 0.63 प्रतिशत अधिक है।
इसी अवधि में कुल संचयी निर्यात (वस्तु और सेवाएं) 491.80 अरब डॉलर रहने का अनुमान है जो पिछले साल इसी अवधि के कुल संचयी निर्यात 469.11 अरब डॉलर से 4.84 प्रतिशत अधिक है।
अप्रैल-अक्टूबर 2025 में संचयी गैर-पेट्रोलियम निर्यात, जिसका मूल्य 219.90 अरब अमेरिकी डॉलर था, अप्रैल-अक्टूबर 2024 के 211.60 अरब अमेरिकी डॉलर की तुलना में 3.92 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
वाणिज्य मंत्रलय के आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर में इलेक्ट्रॉनिक सामान, मांस, डेयरी और पोल्ट्री उत्पाद, समुद्री उत्पाद, काजू और कॉफी जैसे माल के निर्यात में सालाना आधार पर वृद्धि दर्ज की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित