भरतपुर , मार्च 08 -- राजस्थान में करौली जिला मुख्यालय के मंडरायल मार्ग पर रविवार को 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से लगी आग से बड़ी संख्या में पेड़ पौधे जलकर नष्ट हो गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उच्च क्षमता का बिजली का तार गिरने से रणगमा तालाब के पास लव कुश वाटिका में आग गई। वाटिका में मौजूद सूखी घास और पेड़ों ने तेजी से आग पकड़ी जिससे लपटें दूर तक फैल गईं। सूत्रों ने बताया कि इससे से बड़ी संख्या में पेड़-पौधे जलकर राख हो गए। नगर परिषद की दमकल और वन विभाग की टीम ने काफी देर तक चले प्रयासों के बाद आग को फैलने से रोका और उस पर काबू पाया।
घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग से वाटिका को काफी नुकसान पहुंचा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित