चंडीगढ़ , मार्च 13 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कहा कि भारत विश्व का ऐसा देश है, जहां प्रकृति ने हमें अनेक ऋतुओं का वरदान दिया है। हर ऋतु अपने साथ एक नई अनुभूति और नई ऊर्जा लेकर आती है। श्री सैनी ने कहा कि हमारे देश की संस्कृति भी ऋतुओं के साथ गहराई से जुड़ी हुई है, इसलिए हर ऋतु के आगमन पर कोई न कोई पर्व या उत्सव मनाया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वसंत उत्सव हमें जीवन को नए दृष्टिकोण से देखने की प्रेरणा देता है। यह उत्सव हमें सिखाता है कि परिवर्तन प्रकृति का नियम है और सकारात्मक परिवर्तन ही प्रगति की ओर ले जाता है।

पर्यावरण से जुड़े विषयों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रही है। इन समस्याओं का समाधान केवल प्रकृति के संरक्षण से ही संभव है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है और प्रदेश में हरित क्षेत्र बढ़ाने, जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने तथा जैव विविधता को सुरक्षित रखने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं।

श्री सैनी ने कहा कि पेड़ों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार ने प्राणवायु देवता पेंशन योजना शुरू की है, जिसके तहत 75 वर्ष से अधिक आयु वाले पेड़ों के रखरखाव के लिए उनके अभिरक्षकों को प्रतिवर्ष तीन हजार रुपये पेंशन देने का प्रावधान है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 3,819 पेड़ों की पहचान कर उनके अभिरक्षकों को लगभग दो करोड़ पांच लाख रुपये की पेंशन दी जा चुकी है। इसके अलावा 1,541 अतिरिक्त पेड़ों की भी पहचान की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित