मुंबई , फरवरी 12 -- बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बनर्जी वर्ष 2026 में तीन बिल्कुल अलग तरह की प्रस्तुतियों के साथ दर्शकों के सामने आने वाले हैं। अभिषेक बनर्जी तमिल धारावाहिक लेगेसी, चर्चित एंथ्रोलॉजी सिरीज़ लस्ट स्टोरीज़ 3, और अभिनेता राजकुमार राव द्वारा निर्मित फिल्म टोस्टर में दिखाई देंगे।

अभिषेक के लिए यह वर्ष खास रहने वाला है। तमिल भाषा की सिरीज़ से लेकर रिश्तों पर आधारित साहसिक संकलन और एक अलग अंदाज़ की फिल्म तक, हर प्रोजेक्ट्स उन्हें एक नई रचनात्मक दुनिया में ले जाती है।

अभिषेक बनर्जी ने इस खास दौर के बारे में कहा, "वर्ष 2026 मेरे लिए उन दुर्लभ वर्षों में से है जब अभिनय से जुड़ी मेरी पसंद की हर चीज़ एक साथ हो रही है। एक ही मंच पर तीन प्रोजेक्ट्स होना और फिर भी तीनों का एक-दूसरे से बिल्कुल अलग होना मेरे लिए बहुत खास है। लेगेसी मेरी पहली तमिल सिरीज़ है। अलग भाषा और अलग सांस्कृतिक माहौल में काम करना मेरे लिए नई सीख रहा। इससे मुझे समझ आया कि कहानी कहने का तरीका जगह और परिवेश के साथ बदल जाता है। इस अनुभव ने मुझे याद दिलाया कि मैंने अभिनय से प्यार क्यों किया था, क्योंकि यह आपको हर बार कुछ नया सीखने के लिए प्रेरित करता है।"अभिषेक बनर्जी ने कहा, "लस्ट स्टोरीज़ ३ एक ऐसी सिरीज़ का हिस्सा है जो रिश्तों और इच्छाओं पर ईमानदारी से बात करती है। इसमें काम करने का मतलब है लेखन और निर्देशक पर पूरा भरोसा रखना, क्योंकि ये कहानियाँ दिखावे से ज़्यादा भावनाओं की सच्चाई पर आधारित होती हैं। इसमें चुप्पी, झिझक और कमजोरी जैसी बातों को समझने का मौका मिलता है। एक अभिनेता के लिए यह अनुभव डराने वाला भी है और आज़ादी देने वाला भी।"अभिषेक बनर्जी ने फिल्म टोस्टर के बारे में कहा, "यह प्रोजेक्ट मेरे लिए खास है, सिर्फ कहानी की वजह से नहीं बल्कि इसलिए भी कि इसे राजकुमार राव बना रहे हैं, जिन्हें मैं एक अभिनेता के रूप में बहुत मानता हूँ। इस फिल्म का अंदाज़ ऊपर से हल्का-फुल्का है, लेकिन भीतर गहरी भावनाएँ और बारीकियाँ छिपी हैं। ऐसी कहानियाँ दर्शकों के साथ लंबे समय तक रहती हैं, क्योंकि वे रोज़मर्रा की ज़िंदगी को ईमानदारी से दिखाती हैं। ऐसे किरदार का भरोसा मिलना मेरे लिए गर्व की बात है।"उन्होंने कहा, "मुझे सबसे ज़्यादा खुशी इस बात की है कि ये तीनों प्रस्तुतियाँ एक ही मंच पर होंगी, फिर भी एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। आज कहानी कहने का यही सौंदर्य है। अब कलाकार किसी एक छवि या एक रूप तक सीमित नहीं हैं। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूँ कि मुझे अलग-अलग भाषाओं, धाराओं और भावनात्मक संसारों को तलाशने का मौका मिल रहा है। उम्मीद है दर्शक भी इन किरदारों को उतना ही पसंद करेंगे जितना मैंने उन्हें निभाते समय महसूस किया।"लेगेसी, लस्ट स्टोरीज़ 3 और टोस्टर के साथ वर्ष 2026 में अभिषेक बनर्जी एक बार फिर अपने अभिनय की विविधता और गहराई से दर्शकों को प्रभावित करने के लिए तैयार हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित