पटना , मार्च 07 -- ग्रामीण विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2024 से 2026 के बीच 12 लाख, 8 हजार, 663 गरीबों को आवास की स्वीकृति दी है, जिनमें से 11 लाख, 36 हजार, 500 लाभुकों को प्रथम, 7 लाख, 49 हजार, 56 को द्वितीय और 3 लाख, 46 हजार, 307 को तृतीय किस्त का भुगतान किया जा चुका है।

यह जानकारी ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने को संवाददाता सम्मेलन में दी।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2024-26 के बीच तीन लाख, छह हजार, 246 लाभुकों ने अपने आवास का निर्माण पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 की शुरुआत में 2500 करोड़ रुपये आवंटित किये गये थे, जिससे लाभुकों को किस्तों का भुगतान किया गया है।

मंत्री श्री कुमार ने बताया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से वर्ष 2026 में 91.92 करोड़ रुपये जारी किये गये हैं, जिसके तहत निर्धारित मानदंडों के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करने वाले 22 हजार, 100 लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर तीसरी किस्त का भुगतान किया गया है।

उन्होंने दावा किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोई भी पात्र गरीब परिवार आवास से वंचित नहीं रहेगा और विभाग इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है। मंत्री ने अधिकारियों को समय पर दायित्व निभाने का निर्देश देते हुये कहा है कि इससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार के विकास संबंधी वादों को पूरा किया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित