पटना , अक्टूबर 07 -- वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और महागठबंधन के बीच हुई कांटे की टक्कर में 11 सीटों पर 1000 से भी कम मतों से जीत-हार का फैसला हुआ था।
वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में 11 सीटें हिलसा, बरबीघा, रामगढ़,मटिहानी, भोरे,डेहरी, बछवाड़ा, चकाई,कुढनी, बखरी और परबत्ता में राजग और महागठबंधन में कड़ी टक्कर देखने को मिली और जीत का अंतर 1,000 से कम वोटों का रहा।
वर्ष 2020 के चुनाव में सबसे नजदीकी मुकाबला हिलसा विधानसभा क्षेत्र में हुआ जहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अत्री मुनि उर्फ शक्ति सिंह यादव मात्र 12 मतों के अंतर से चुनाव हार गए थे। श्री यादव को जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के कृष्ण मुरारी शरण ने पराजित किया । श्री शरण को 61 हजार 848 मत हासिल हुए, वहीं श्री यादव को 61 हजार 836 मत से संतोष करना पड़ा।
इसी तरह बरबीघा में जदयू के सुदर्शन कुमार ने कांग्रेस के गजानंद शाही को 113 मतों के अंतर से पराजित किया। श्री कुमार को 39878 जबकि श्री शाही को 39765 मत मिले।
रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में राजद के प्रत्याशी सुधाकर सिंह, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के अंबिका सिंह से मात्र 189 वोट के अंतर से चुनाव जीतने में कामयाब हुए। सुधाकर सिंह को 58083, वहीं अंबिका सिंह को 57894 मत मिले। सुधाकर सिंह वर्तमान में बक्सर के सांसद हैं।
मटिहानी में चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) प्रत्याशी राजकुमार सिंह ने जदयू के नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह को 333 मत के अंतर से पराजित किया था। इस चुनाव में लोजपा ने अकेले दम पर 135 सीटों पर चुनाव लड़ा और मटिहानी एकमात्र सीट थी, जहां लोजपा के उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी। राजकुमार सिंह ने 61364 जबकि नरेंन्द्र कुमार सिंह को 61031 मत मिले।
भोरे में जदयू के सुनील कुमार ने भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के जितेंद्र पासवान को 462 मतों से पराजित किया। श्री कुमार को 74067 जबकि श्री पासवान को 73605 मत मिले थे।
इसी तरह डेहरी में राजद के फतेह बहादुर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्यनारायण सिंह को 464 मतों के अंतर से पराजित किया। फतेह बहादुर सिंह को 64567, वहीं सत्यनारायण सिंह को 64103 मत मिले।
बछवाड़ा में भाजपा के उम्मीदवार सुरेंद्र मेहता ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के अवधेश कुमार राय को मात्र 484 वोट के अंतर से हराया। श्री मेहता को 54738, वहीं श्री राय को 54254 मत मिले।
चकाई विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय सुमित कुमार सिंह ने राजद की सावित्री देवी को 581 मतों के अंतर से पराजित किया। श्री सिंह को 45548, वहीं सावित्री देवी को 44967 मत मिले। श्री सिंह नीतीश सरकार में अभी विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री हैं।
कुढ़नी में राजद के अनिल कुमार सहनी ने भाजपा के केदारनाथ गुप्ता को 712 वोट से पराजित किया। श्री सहनी को 78549, जबकि श्री गुप्ता को 77837 मत मिले।
बखरी में भाकपा के सूर्यकांत पासवान ने भाजपा के राम शंकर पासवान को 777 मतों के अंतर से शिकस्त दी। सूर्यकांत पासवान को 72177, जबकि रामशंकर पासवान को 71400 मत मिले।
परबत्ता में जदयू के डॉ. संजीव कुमार ने राजद के दिगंबर प्रसाद तिवारी को 951 मतों के अंतर से पराजित किया। श्री कुमार को 77226, वहीं श्री तिवारी को 76275 मत मिले।
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में कांटे के टक्कर में 11 सीटों पर 1000 से भी कम वोट से जीत-हार के हुए फैसले में यदि थोड़ा भी उलटफेर हो गया होता तो राजग के हाथों से सत्ता फिसल जाती। राज्य में सरकार बनाने के लिए जरूरी 122 के जादुई आंकड़े से महज तीन सीट अधिक जीतने वाला राजग पांच सीटें, मात्र 12 से 951 वोट के अंतर से न सिर्फ जीतने में कामयाब रहा बल्कि इसके दम पर सत्ता भी हासिल कर ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित