मुंबई , मार्च 05 -- मुंबई में धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें मशहूर अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर और मृणालिनी जांभले से कथित तौर पर करीब 47 लाख रुपये की ठगी की गई है। दादर के शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है और फिलहाल जांच जारी है।

इस घटना से फिल्म और नाट्य जगत में खलबली मच गयी है। पुलिस ने निर्देशक और बिल्डर अविनाश जाधव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह शिकायत मराठी नाटकों और फिल्मों में काम करने वाली अभिनेत्री मृणालिनी जांभले ने दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि जाधव के साथ उनकी पेशेवर जान-पहचान थी।

शिकायत के अनुसार जाधव ने खुद को फिल्म निर्माता और बिल्डर बताया और सुश्री जांभले तथा उनके साथियों को उच्च लाभ का वादा करके डोंबिवली में एक परियोजना में निवेश करने के लिए राजी किया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मूल राशि एक वर्ष के भीतर लौटा दी जाएगी।

नवंबर 2019 से फरवरी 2020 के बीच, मृणालिनी जांभले, वर्षा उसगांवकर और तीन अन्य लोगों ने चेक और इंटरनेट के जरिए कुल 47 लाख रुपये का निवेश किया। शुरुआत में जाधव ने मुनाफे के तौर पर करीब साढ़े चार लाख रुपये लौटाए, लेकिन बाद में उसने पैसे देना पूरी तरह बंद कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित