पटना , फरवरी 05 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने गुरुवार को कुर्जी, दीघा और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिये स्थल चिन्हित किया।

जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने पहलवान घाट के पास वर्ल्ड क्लास क्रूज टर्मिनल के निर्माण के लिये दो एकड़ जमीन चिन्हित की, जबकि दीघा घाट में 20x20 मीटर क्षेत्र में कम्युनिटी जेटी के लिये स्थान तय किया।

उन्होंने बताया कि कुर्जी में शिप रिपेयर केंद्र के लिये पांच एकड़ जमीन पहले ही भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) को उपलब्ध कराई जा चुकी है। क्रूज टर्मिनल के निर्माण से पटना रिवर क्रूज का बड़ा हब बनेगा और नदी आधारित आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

डॉ त्यागराजन ने बताया कि इसी माह वाटर मेट्रो शुरू करने की योजना है, जो प्रारंभ में दीघा से कंगन घाट तक संचालित होगी। उन्होंने कहा कि जलमार्ग विकास से पर्यावरण- अनुकूल परिवहन, रोजगार के नये अवसर और पटना के समग्र विकास को मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित