नयी दिल्ली , दिसंबर 29 -- ब्रिटेन की विमान सेवा कंपनी वर्जिन अटलांटिक बेंगलुरु से लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए अतिरिक्त उड़ानें शुरू करेगी।
एयरलाइन ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह अगले साल जनवरी, फरवरी और मार्च के लिए दोनों शहरों के बीच उड़ानों की संख्या सप्ताह में सात से बढ़ाकर 11 करेगी।
कंपनी ने मार्च 2024 में बेंगलुरु से लंदन के लिए दैनिक उड़ान शुरू की थी। इसके अलावा दिल्ली से भी लंदन के लिए उसकी दैनिक उड़ानें पहले से उपलब्ध हैं।
नयी उड़ान लंदन से सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रवाना होगी। वापसी की उड़ान एक दिन बाद सुबह बेंगलुरु से जायेगी।
वर्जिन अटलांटिक बेंगलुरु-लंदन मार्ग पर बोइंग 787-9 का संचालन करती है। इसमें अपर श्रेणी में 31, प्रीमियम श्रेणी में 35 और इकोनॉमी श्रेणी में 192 सीटें हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित