पटना , जनवरी 12 -- वर्किंग जर्नलिस्ट ऑफ इंडिया(डब्ल्यूजेआई) की बिहार ईकाई ने सोमवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक अनिल कुमार से मिलकर अपनी सात सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा और सरकार से मांग की है कि पत्रकारों के कल्याण के लिए डब्ल्यूजेआई की मांगों पर विचार कर यथाशीघ्र उचित कदम उठाए जाएं।

ज्ञापन में पत्रकार सम्मान योजना की नियमावली को सरल बनाने और नियमित करने, निशुल्क स्वास्थ्य बीमा, रिटायर पत्रकारों को आजीवन निशुल्क चिकित्सा की सुविधा देने, पत्रकारों के लिए आवास या भूखंड देने, प्रेस क्लब को फिर से शुरू करने, महिला पत्रकारों को महीने में दो दिन विशेष अवकाश देने आदि की मांग है।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वर्किंग जर्नलिस्ट ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष भोलानाथ कर रहे थे। निदेशक ने आश्वासन दिया कि सरकार पत्रकारों की मांगों पर गम्भीरता से विचार करेगी और पत्रकारों के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास करेगी। प्रतिनिधि मंडल में वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण बागी,के.के लाल , प्रमोद मुकेश , आलोक मोहित, संजीव कुमार,नीलकमल तथा खालिद रसीद मौजूद थे।

गौरतलब है कि वर्किंग जर्नलिस्ट ऑफ इंडिया लगातार पत्रकारों के कल्याण के लिए काम कर रही है। पिछले दिनों विधानसभा चुनाव के समय डब्ल्यूजेआई ने सभी राजनीतिक दलों को पत्रकारों के कल्याण से जुडी मांगे सौंपी थीं और उन्हें अपने घोषण पत्र में शामिल करने का अनुरोध किया था। डब्ल्यूजेआई की ओर से दिए गए सुझावों को सभी राजनीतिक दलों ने अपने मेनिफेस्टो में शामिल किया था। भोलानथ ने कहा है कि अब हम राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं से मिलकर अपनी मांगों पर विचार करने का निवेदन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित