नयी दिल्ली , जनवरी 20 -- फिल्मकार शूजित सरकार और विक्रमादित्य मोटवानी, वरुण टंडन की शॉर्ट फिल्म 'थर्सडे स्पेशल' को प्रस्तुत करने के लिए आगे आए हैं।
प्रेम, साथ और बदलाव की कोमल कहानी कहने वाली इस फिल्म को दोनों दिग्गज निर्देशकों का समर्थन मिला है। प्रेस नोट के अनुसार, 'थर्सडे स्पेशल' में अनुभा फतेहपुरिया और रमाकांत दयामा मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी राम और शकुंतला नामक एक बुज़ुर्ग दंपति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें वर्षों का वैवाहिक जीवन, खाने के प्रति साझा प्रेम और हर गुरुवार की एक खास रस्म आपस में जोड़ती है।
'पीकू', 'विकी डोनर' और 'अक्टूबर' जैसी फिल्मों के निर्देशक शूजित सरकार ने फिल्म की सादगी और संवेदनशील कहानी की सराहना की। उन्होंने कहा, "थर्सडे स्पेशल ने अपनी सरलता और सौम्य कहानी कहने के अंदाज़ से मुझे गहराई से प्रभावित किया। वरुण ने साथ, उम्र बढ़ने और प्रेम को बहुत ही परिपक्व और भावनात्मक तरीके से दिखाया है। यह विवाह और मध्य आयु के रिश्तों पर एक नाज़ुक लेकिन प्रभावशाली दृष्टि है, जो खासतौर पर एक युवा फिल्मकार के लिए प्रशंसनीय है।" सरकार ने इस फिल्म की तुलना अपनी अप्रदर्शित फिल्म 'शू बाइट' से भी की, जिसमें अमिताभ बच्चन ने अभिनय किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित