जयपुर , मार्च 07 -- राजस्थान में वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व सूचना आयुक्त नारायण बारेठ का निधन हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री बारेठ पिछले कुछ समय से निमोनिया से पीड़ित थे और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने श्री बारेठ के निधन पर दुख जताया और कहा, "श्री बारेठ के निधन का समाचार बेहद दुखद है। वह कई दिनों से निमोनिया से पीड़ित थे। नारायणजी ने बीबीसी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता करके अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई। एक कुशल प्रशासक के रूप में सूचना आयुक्त के पद पर रहते हुए भी उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी।"उन्होंने कहा कि श्री बारेठ न केवल एक प्रखर पत्रकार थे, बल्कि एक अत्यंत सरल और नेक इंसान भी थे। उनका ऐसे असमय जाना पत्रकारिता जगत और मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर एक बड़ी क्षति है।
श्री गहलोत ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित