दंतेवाड़ा , फरवरी 06 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बचेली वन परिक्षेत्र के भांसी गांव में एक बाघ की पुष्टित मौजूदगी ने स्थानीय ग्रामीणों के बीच चिंता एवं दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। वन विभाग द्वारा कैमरा ट्रैप से प्राप्त तस्वीरों के बाद इसकी पुष्टि हुई है, जिससे क्षेत्र में मानव-वन्यजीव द्वंद्व की आशंका बढ़ गई है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बाघ ने गांव के एक निवासी की गाय को अपना शिकार बनाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित किया। त्वरित कार्रवाई में पहुंची वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर कैमरा ट्रैप लगाए, जिसमें बाघ स्पष्ट रूप से दर्ज हुआ। इस घटना के बाद से भांसी और आसपास के गांवों के लोग सशंकित हैं।
वन विभाग ने पूरे परिक्षेत्र में व्यापक सतर्कता अभियान शुरू किया है। सभी गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जंगल की ओर जाने से रोका जा रहा है। साथ ही, रेलवे विभाग को भी अवगत कराया गया है ताकि ट्रेन चालक एवं कर्मचारी सतर्क रहें। बाघ के संभावित मार्ग पर गश्त भी बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित