पटना , फरवरी 26 -- बिहार विधान परिषद में गुरुवार को गैर- सरकारी संकल्प के दौरान आपदा प्रबंधन से जुड़े विषय पर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने सदन को जानकारी दी कि वज्रपात (आकाशीय बिजली) को प्राकृतिक आपदा की सूची में शामिल कराने के लिये केंद्र सरकार से औपचारिक मांग की जायेगी।

मंत्री श्री चौधरी ने यह जवाब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधान पार्षद नीरज कुमार के प्रश्न पर दिया।

अपने प्रश्न के दौरान विधान पार्षद नीरज कुमार ने सदन को अवगत कराया कि राज्य में वज्रपात की घटनाओं से अब तक 345 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह संख्या चिंताजनक है और इसे देखते हुये वज्रपात को राष्ट्रीय स्तर पर प्राकृतिक आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाना चाहिये, जिससे पीड़ित परिवारों को बेहतर मुआवजा और सहायता मिल सके।

इस पर मंत्री श्री चौधरी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में वज्रपात की घटनायें लगातार बढ़ रही हैं और इससे जान- माल की भारी क्षति हो रही है। ऐसे में इसे प्राकृतिक आपदा घोषित करना समय की मांग है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित