जयपुर , नवम्बर 08 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा है कि वंदे मातरम् गीत भारतीय राष्ट्रभावना की आत्मा है, कांग्रेस वंदे मातरम् को अपनी विरासत बता रही है, जबकि कांग्रेस की विरासत भारत विभाजन और तुष्टीकरण की है।

श्री तिवाड़ी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मुसलमानों को तुष्ट करने के लिए वंदे मातरम् गीत को काटा गया और संविधान की आत्मा में सुई चुभो दी गई। उन्होंने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह इस बात का समर्थन करे कि वंदे मातरम् गीत पूरा गाया जाना चाहिए, तो मैं इसे कांग्रेस की विरासत मानने को तैयार हूँ।

श्री तिवाड़ी ने कहा कि वंदे मातरम् गीत सात नवम्बर 1875 को बंग दर्शन पत्रिका में बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा प्रकाशित किया गया था। वर्ष 1896 में रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने कोलकाता में इसे पहली बार गाया। वर्ष 1905 में बंग-भंग आंदोलन के दौरान यह गीत राष्ट्रीय आंदोलन की आवाज बन गया था।

उन्होंने कहा कि 1937 में मौलाना मोहम्मद अली और शौकत अली ने कांग्रेस अधिवेशन में वंदे मातरम् गीत का मुखर विरोध किया। गीत गाने वाले वक्ता को बीच में रोकते हुए उन्होंने इस गीत का बहिष्कार किया। इनता ही नहीं, कांग्रेस के नेताओं ने इस गीत को धर्म से जोड़ते हुए काटने का घिनौना कार्य किया। कांग्रेस नेताओं ने इस गीत का इसलिए विरोध किया क्योंकि इसमें मां दुर्गा, कमला और सरस्वती के नाम हैं। इसे धर्म से जोड़ते हुए गीत के कई अंशों तक को हटा दिया। जबकि देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में कई मुस्लिम क्रांतिकारियों ने भी इस गीत का गायन किया था।

श्री तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस ने 1914 में मुस्लिम लीग से समझौता करके भारत विभाजन की नींव रखी और 1937 में वंदे मातरम गीत को काटकर राष्ट्र की आत्मा से धोखा किया। कांग्रेस ने न केवल बंकिमचंद्र चटर्जी और रवीन्द्रनाथ टैगोर बल्कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की आत्मा को भी ठेस पहुंचाई है। वर्ष 1976 में कांग्रेस ने 42वें संविधान संशोधन के माध्यम से प्रस्तावना में परिवर्तन करके अपनी राजनीतिक विचारधारा थोपने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि जबकि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सशक्त बनाने के कार्य में जुटी हुई है। राष्ट्र के लिए वंदे मातरम् गीत भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना जन गण मन..। भाजपा राष्ट्र की आत्मा को पुनः जागृत करने और एकात्मता की भावना को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित