लोहरदगा, 11अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के लोहरदगा जिले के केकरांग बरटोली गांव में 8-9 अक्टूबर की मध्यरात्रि को हुए ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है।
पुलिस ने इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि इस हत्या के पीछे मुख्य कारण अंधविश्वास था जिसमें मृतका बिफनी नगेशिया द्वारा किए गए ओझागुणी और झाड-फूँक को बताया गया।
लोहरदगा एसपी के मुताबिक, लक्ष्मण नगेशिया, उनकी पत्नी बिफनी नगेशिया और उनके पुत्र रामविलास नगेशिया की हत्या रात के समय अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पेशरार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया, जो फोरेंसिक और डॉग स्कवॉड की सहायता से जांच कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्धों-सुखनाथ नगेशिया, बिंदेश्वर नगेशिया और संचरवा नगेशिया-की इस वारदात में संलिप्तता है। सभी आरोपी पेशरार थाना क्षेत्र के केकरांग गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर खून लगे कुदाल, पत्थर, खून लगे कपड़े और एक बाइक (जेएच01-सी डब्ल्यू-8978) बरामद किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी अपने अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद के कारण कटुता से भरे थे। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बिफनी नगेशिया की ओझागुणी और झाड-फूँक की वजह से सुखनाथ की पत्नी का गर्भपात हुआ और बिंदेश्वर की माँ की तबीयत लगातार बिगड़ी। इस के चलते उन्होंने प्रतिशोध की भावना से बिफनी और उसके परिवार को खत्म करने की योजना बनाई, जिसे मध्यरात्रि में अंजाम दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अंधविश्वास या झूठे प्रलोभन में न आएं और ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित