देहरादून , अप्रैल 18 -- उत्तराखंड के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को चारधाम यात्रा मार्ग की सभी सड़कों की स्थिति का आंकलन करने के साथ-साथ सभी 13 वैकल्पिक मार्गों को तैयार रखने के निर्देश दिए।
श्री सतपाल ने चारधाम मार्ग पर पडने वाले स्थायी एवं अस्थायी शौचालयों में साफ-सफाई के उचित प्रबंधन करने और श्रद्धालुओं के लिए सभी पैट्रोल पम्पों एवं होटलों में निःशुल्क शौचालय एवं पानी की पर्याप्त उपलब्धता के भी निर्देश देते हुए कहा कि मंदिरों में कपाट खुलने पर सबसे पहले विश्व शांति के लिए प्रार्थना की जाए।
लोनिवि मंत्री ने अपने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं और तैयारी विषयक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हम सभी चाहते हैं कि चारधाम यात्रा सरल, सुगम और सुरक्षित हो इसलिए यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भटवाडी, डबराड़ी, चडेथी आदि जगहों पर नदी का स्तर गाद के कारण ऊपर उठने से सड़क के प्रभावित होने की जानकारी देते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय से नदियों के चैनेलाइजेशन का काम पूरा होना चाहिए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट की पहचान के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों की मैपिंग और प्राथमिकता निर्धारण के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं।
श्री सतपाल ने जीपीएस आधारित मशीनरी ट्रेकिंग, वन-वे सिस्टम, डायवर्जन प्लान, रोड साइन, रिफ्लेटर एवं क्रैश बैरियर की स्थिति की समीक्षा करते हुए इन तमाम व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन विभाग के अधिकारियों से कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए सड़क के दोनों ओर अधिकांश स्थानों पर साइन बोर्ड के माध्यम से पेट्रोल पम्प, हास्पिटल एवं रेस्टोरेंट आदि की दूरी का चिन्हांकन स्पष्ट रूप से करने और रेस्टोरेंटों में उनके बाहर फ्री वेस्टर्न कमोड टॉयलेट की उपलब्धता का बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए। ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंत्री ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में वेटर और अन्य कर्मचारियों को हाइजनिक परपज के लिए दस्ताने पहनना अनिवार्य किये जाने, सैनेटाइजर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को और रैथल, द्वारा, रोड़ीताल, खोड़ाताल के खराब ट्रैक रूटों को सही करने के भी निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने वर्चुअल जबकि लोक निर्माण विभाग के सचिन पंकज पांडे, पर्यटन सचिव धीराज सिंह गबर्याल, लोनिवि के प्रमुख अभियंता राजेश कुमार, सिंचाई विभाग की अपर सचिव गरिमा रौंकली, मुख्य अभियंता सुभाष चन्द्र पाण्डेय, पर्यटन विभाग के एसीईओ अभिषेक रूहेला, बीआरओ के कमांडेंट मंजुनाथ सहित अनेक विभागीय अधिकारियों मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित