जयपुर , अप्रैल 23 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की आर्थिक उन्नति को तेज करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की जरूरत बताते हुए लोकसेवकों का आह्वान किया है कि वे जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें पहुंचाएं।

श्री शर्मा बुधवार रात लोक सेवा दिवस के उपलक्ष्य पर एचसीएम रीपा में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने एक ऐसे प्रशासन की कल्पना की थी, जो राष्ट्र की एकता और अखंडता का रक्षक हो। इसी कड़ी में लोक सेवक बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेशवासियों की सेवा को लेकर स्पष्ट सोच और लक्ष्य रखती है, वहीं अंत्योदय ही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मिशन कर्मयोगी की शुरुआत की है। इस मिशन के माध्यम से सभी लोक सेवक प्रशिक्षण प्राप्त कर लोक कल्याणकारी शासन में अपना बेहतर योगदान दे रहे हैं। लोक सेवकों के सतत प्रयासों और निरंतर मॉनिटरिंग से प्रदेश 11 योजनाओं में देश में प्रथम स्थान पर, पांच योजनाओं में द्वितीय स्थान पर और नौ योजनाओं में तीसरे स्थान पर है।

श्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान के युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ हुआ था। पिछले कुछ वर्षों में परीक्षाओं के पेपर लीक होना नासूर बन गया था, लेकिन हमारी सरकार ने सबसे पहले एसआईटी गठित करके कठोर कार्रवाई की, इसलिए हमारे कार्यकाल में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ वहीं अपराधियों और माफियाओं को सलाखों के पीछे पहुंचाने की कार्रवाई भी हो रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम विरासत और विकास को साथ लेकर चलते हैं। राजस्थान में एक्सप्रेस हाईवे, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, सोलर पार्क के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। राइजिंग राजस्थान का आयोजन कर विभिन्न क्षेत्रोंमें निवेश के एमओयू किए, जिससे अब प्रदेश में निवेशक आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हमारी सरकार मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान चला रही है। इससे वोकल फॉर लोकल को भी मजबूती मिलेगी।

श्री शर्मा ने कहा कि लोक सेवक समन्वय और टीम वर्क की भावना से कुपोषण और अशिक्षा जैसी अनेकों समस्याओं के समाधान के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर ऐसा विकसित राजस्थान बनाना है, जहां किसान अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता एवं हर बेटी सुरक्षित और सशक्त बने एवं युवाओं के हाथमें कौशल और रोजगार के अवसर हों। उन्होंने कहा कि यह सपना लोक सेवकों की कड़ी मेहनत से पूरा होगा। समारोह में मुख्यमंत्री ने नवाचारों और श्रेष्ठ कार्यों के लिए नौ लोक सेवकों को सम्मानित किया जिनमें सुशासन श्रेणी में आरती डोगरा एवं सिद्धार्थ महाजन, फ्लेगशिप योजना श्रेणी में डॉ. खुशाल यादव, रोहिताश्व सिंह तोमर एवं राजीव तोमर, नवाचार श्रेणी में कृष्ण कुणाल, गायत्री ए. राठौड़, नकाते शिवप्रसाद मदन एवं पी. बालामुरूगन को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान इन लोक सेवकों के श्रेष्ठ कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

इससे पहले श्री शर्मा ने लोक सेवा दिवस से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित