नयी दिल्ली , मार्च 23 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के धर्मेन्द्र यादव ने सोमवार को लोक सभा में आगामी जनगणना के दौरान जाति की गणना कराने की मांग करते हुए कहा कि गजट नोटिफिकेशन में इसका उल्लेख किया जाना चाहिए।

श्री यादव ने शून्य काल में यह मामला उठाते हुए कहा कि जनगणना के लिए 22 जनवरी को जो गजट नोटिफिकेशन जारी हुआ है, उसमें जाति गणना का जिक्र नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार कई बार कह चुकी है कि इस बार जनगणना में जाति गणना करायी जायेगी, लेकिन इसके लिए जो नोटिफिकेशन जारी हुआ है, उसमें इसका जिक्र नहीं है। देश के पिछड़े वर्ग के लोग इस बात को लेकर चिंतित और सशंकित हैं कि जाति गणना होगी या नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार जाति गणना को लेकर अपने निर्णय को स्पष्ट करे और नया गजट नोटिफिकेशन जारी करके उसमें जाति गणना किये जाने का उल्लेख करे।

सपा के ही नरेश उत्तम पटेल ने उत्तर प्रदेश में पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति न मिलने या इसमें देरी होने का मामला उठाते हुए कहा कि इससे उन्हें बड़ी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र-छात्राओं की पढ़ाई छूट रही है। उन्होंने छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और इसे समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने की मांग की।

कांग्रेस के डॉ मल्लू रवि ने घरेलू कामगारों को पेश आ रहीं समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनके साथ मनमर्जी की जाती है और उन्हें शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी जाती है। उन्होंने सरकार से उनके हितों की सुरक्षा की मांग की।

कांग्रेस के ही जय प्रकाश ने साेशल मीडिया पर महर्षि वाल्मीकि के लिए भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री होने का जिक्र करते हुए सरकार से इस हटवाने की मांग की। उन्होंने सर्च इंजन गुगल से भी इस तरह की सामग्रियों काे हटवाने का सरकार से आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित