नयी दिल्ली , फरवरी 07 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है और इस जीत को देश के लिए गौरव का क्षण और भारत के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया है।
श्री बिरला ने बधाई संदेश में युवा क्रिकेटरों के वैश्विक मंच पर शानदार प्रदर्शन की सराहना की और पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनके अनुशासन और दृढ़ संकल्प की प्रशंसा की।
अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा, "युवा भारत, विश्व चैंपियन भारत।" "अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप चैंपियन बनने पर भारतीय क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।"उन्होंने कहा कि टीम की सफलता ने देश भर में लाखों लोगों को अपार खुशी दी है। श्री बिरला ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा। " शानदार प्रदर्शन करते हुए हमारी टीम ने लाखों भारतीयों को गौरवान्वित किया है। यह क्षण देश की युवा शक्ति को नई ऊर्जा और अपार प्रेरणा प्रदान करेगा।"भारत ने शुक्रवार को हरारे में खेले गए अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप का खिताब जीता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित