जयपुर , जनवरी 24 -- राजस्थान के लोकभवन में शनिवार को उत्तर प्रदेश, त्रिपुरा, मेघालय और मणिपुर राज्यों का स्थापना दिवस मनाया गया।
इस दौरान राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने इन राज्यों के राजस्थान में रहने वाले निवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सभी को राष्ट्र निर्माण में सहभागिता निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री और सासंद डॉ दिनेश शर्मा भी मौजूद थे।
इस अवसर पर श्री बागडे ने कहा, " विविधता में एकता लिये हमारा देश 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' है। राज्यों के स्थापना दिवस मनाने का उद्देश्य यही है कि विविधता में एकता की हमारी संस्कृति को हम उत्सव रूप में मनायें।"उन्होंने उत्तर प्रदेश को देश का सबसे बड़ा राज्य बताते हुए भारत के भाल रूप में इस राज्य की सांस्कृतिक विशेषताओं की चर्चा की। उन्होंने कहा कि अयोध्या का राम लला का मंदिर और कुंभ का ऐतिहासिक प्रयागराज मेला विश्व के बड़े आकर्षण है।
राज्यपाल ने मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा को पूर्वोत्तर का प्रमुख राज्य बताते हुए इन राज्यों की जनजातीय और प्रकृति से जुड़ी संस्कृति को महत्वपूर्ण बताया। डॉ शर्मा ने उत्तर प्रदेश की विशेषताओं की चर्चा करते हुए कहा कि देश का यह सबसे बड़ा धार्मिक पर्यटन केंद्र ही नहीं है, आर्थिक और राजनीतिक दृष्टि से समृद्ध संपन्न और तेजी से विकास की ओर बढ़ता राज्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सभी के क्षेत्रों को समान विकास को गति दी गयी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में राजस्थान के लोग निवास करते हैं। यह राज्य पड़ोसी राज्यों के साझा विकास का संवाहक है। इससे पहले राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा राज्य के निवासियों से संवाद किया। यहां लोगों ने अपने अनुभव साझा किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित