सोनीपत , नवंबर 06 -- हरियाणा के सोनीपत में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव आनंद शर्मा ने गुरुवार को कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में वोट चोरी लोगों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है।
माकपा नेता ने कहा हरियाणा विधान सभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 25 लाख फर्जी वोट के खुलासे ने इसकी पुष्टि की है जो साल भर पहले आए चुनाव परिणामों के बाद माकपा ने कहा था कि यह जनादेश से बनी सरकार नहीं है।
श्री शर्मा ने कहा कि इस खुलासे ने एक बार फिर लोकतान्त्रिक चुनाव प्रणाली की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा कर दिया है। यह सवाल ठोस सबूतों के आधार पर सामने आया है। यह निंदनीय है कि इस संदर्भ में चुनाव आयोग के मुखिया का बयान मामले की जांच और सुधार करने की बजाय इसे दबाने का ही रहा है। इससे निर्वाचन आयोग की भाजपा से मिलीभगत की बू आती है।वैसे भी इस चुनाव के दौरान लोगों में जो माहौल था वह भाजपा के खिलाफ था। भाजपा के प्रति लोगों में गुस्से को देखते हुए ही स्वयं भाजपा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को हटाया था। उनकी जगह पर नायब सिंह सैनी को लाया गया। उन्होंने कहा कि दूसरा एग्जिट पोल के सर्वेक्षणों ने भी भाजपा की हार बताया था। हार जीत का अंतर मात्र एक प्रतिशत से भी कम रहा था। भाजपा की यह जीत अप्रत्याशित थी। चुनाव परिणाम की घोषणा से पूर्व मुख्यमंत्री का वह बयान कि चुनाव जीत की व्यवस्था कर ली है जो लोगों की शंका को और गहरा करने वाला रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित