लखनऊ , मार्च 12 -- लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने गोमती नगर विस्तार स्थित नर्मदा अपार्टमेंट के 312 भवनों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया। यह प्रक्रिया इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पूरी की गई, जिसमें 743 आवेदकों के बीच लकी ड्रॉ के जरिए चयन किया गया।
लॉटरी ड्रॉ 3 बीएचके प्लस स्टडी के 300 फ्लैट और 12 पेंटहाउस के लिए आयोजित किया गया था। जैसे ही आवेदकों के नाम की पर्चियां निकलीं, उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर एक्सटेंसन स्थित जी-20 रोड पर विकसित नर्मदा अपार्टमेंट में कुल 312 भवनों का आवंटन किया गया है, जिसमें 300 फ्लैट और 12 पेंटहाउस शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यहां पार्किंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, किड्स प्ले एरिया, लिफ्ट और स्विमिंग पूल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही परिसर में ग्रीन पार्क का विकास भी किया जाएगा, जिससे यह आवासीय परिसर पर्यावरण के अनुकूल और हराभरा बनेगा।
अपर सचिव सी.पी. त्रिपाठी ने बताया कि 12 मार्च को आयोजित लॉटरी ड्रॉ में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई। आवेदकों के हाथों से ही ड्रॉ की पर्चियां निकलवाई गईं और पूरी प्रक्रिया का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित