कानपुर , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के ग्वालटोली क्षेत्र में लैम्बोर्गिनी कार से तीन लोगों को रौंदने वाले आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल श्रीवास्तव ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी शिवम मिश्रा की गिरफ्तारी के लिये पुलिस की पांच टीमें लगी हुयी थी। आज सुबह सूचना प्राप्त हुई कि शिवम मिश्रा कानपुर आया हुआ है। इस सूचना पर टीमें सक्रिय हुई और आरोपी शिवम मिश्रा को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

गौरतलब है कि पिछली आठ फरवरी को तंबाकू कारोबारी के पुत्र शिवम मिश्रा ने क्षेत्र में लैम्बोर्गिनी कार से तीन लोगों को टक्कर मारकर घायल कर दिया था। इस मामले में घायल एक व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। घटना के बाद शिवम फरार हो गया था। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी ग्वालटोली संतोष गौड़ को लाइनहाजिर कर दिया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी शिवम आत्मसमर्पण की तैयारी में है मगर उससे पहले उसे धर दबोचा गया।

उन्होने बताया कि इस मामले में रविवार देर रात वाहन स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी थी जबकि मंगलवार को आरोपी के पिता कारोबारी केके मिश्रा ने पुलिस के समक्ष पेश होकर कहा था कि उनका पुत्र बेकसूर है और दिल्ली में इलाज कराने गया है। कानपुर आने पर वह पुलिस के सामने पेश होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित