उज्जैन , अक्टूबर 29 -- भारतीय किसान संघ ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सिंहस्थ नगर विकास योजना (मास्टर प्लान) और लैंड पुलिंग कानून पर स्वयं स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो राज्यव्यापी जन आंदोलन किया जाएगा।

किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने जारी बयान में कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ पर्व की तैयारियों के नाम पर किसानों की कृषि भूमि अधिग्रहित करने के लिए सरकार द्वारा लागू किए गए लैंड पुलिंग कानून का विरोध लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में सिंहस्थ मेला क्षेत्र की भूमि के गजट नोटिफिकेशन बिना किसानों की सहमति के किए जाने से किसानों में आक्रोश है और वे आर-पार की तैयारी में हैं।

आंजना ने कहा कि किसान संघ के केंद्रीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने स्वयं उज्जैन आकर स्पष्ट कर दिया था कि सरकार तत्काल लैंड पुलिंग कानून को निरस्त करे और मेला क्षेत्र की कृषि भूमि पर किसी भी प्रकार के स्थायी निर्माण की अनुमति न दे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय पर निर्णय नहीं लिया तो श्रद्धालुओं और साधु-संतों को होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी सरकार की होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित