तेल अवीव , मार्च 15 -- इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने रविवार को कहा कि इजरायल की निकट भविष्य में लेबनान सरकार के साथ किसी भी तरह की वार्ता करने की कोई योजना नहीं है।

उनका यह बयान एक समाचार पत्र की उस रिपोर्ट के विपरीत है जिसमें कहा गया था कि इजरायल और लेबनान के प्रतिनिधि आने वाले दिनों में बातचीत कर सकते हैं। रिपोर्ट में कहा गया था कि इजरायल और लेबनान के बीच संभावित वार्ता साइप्रस या पेरिस में हो सकती है और इसमें अमेरिका की भूमिका भी हो सकती है।

उत्तरी इजरायल के बेदुइन कस्बे जरज़िर की यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में श्री सार ने कहा कि इजरायल को उम्मीद है कि लेबनान सरकार हिज्बुल्लाह को इजरायल पर हमले करने से रोकने के लिए गंभीर कदम उठाएगी।

उन्होंने कहा कि इजरायल और अमेरिका ईरान के खिलाफ संघर्ष जारी रखने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं और यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक उनके लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते। श्री सार ने यह भी कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों के विपरीत इजरायल के पास मिसाइल रोधी प्रणालियों की कोई कमी नहीं है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब 28 फरवरी से अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। इसके जवाब में ईरान और उससे जुड़े समूहों, जिनमें हिज्बुल्लाह भी शामिल है, ने मध्य पूर्व में इजराइली और अमेरिकी हितों को निशाना बनाकर हमले किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित