पटना, मार्च 14 -- लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने शनिवार को बिहार के 43वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली।
श्री हसनैन को आज यहां बिहार लोकभवन में आयोजित एक सादे समारोह में पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू ने राज्यपाल के पद की शपथ दिलाई।
इस समारोह में बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उनके कई वरिष्ठ कैबिनेट सहयोगी, विधायक, सांसद तथा कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी उपस्थित थे।
लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) हसनैन ने इस पद पर आरिफ मोहम्मद खान का स्थान लिया है।वह भारतीय सेना के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं।
श्री हसनैन इससे पहले भारतीय सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर के कमांडर-इन-चीफ रह चुके हैं। वे कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति भी रहे हैं।
श्री हसनैन ने श्रीलंका में ऑपरेशन पवन (1988-90) में भाग लिया था और बाद में पंजाब में आतंकवाद विरोधी अभियानों (1990-91) में भी हिस्सा लिया।सेना अधिकारी के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने युवाओं के बीच शिक्षा, रोजगार, खेल और चरित्र निर्माण पर केंद्रित कई सामाजिक पहल शुरू की थीं। उन्होंने कश्मीर के भटके हुए युवाओं को राष्ट्रीय मुख्यधारा में वापस लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्री हसनैन ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य के रूप में आपदा प्रबंधन, राष्ट्रीय सुरक्षा और रोजगार से संबंधित कई कार्यक्रम शुरू किए, जिनका उद्देश्य कश्मीर के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित