बहराइच , जनवरी 28 -- त्तर प्रदेश के बहराइच जनपद के नानपारा तहसीलदार रविकांत द्विवेदी पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। यह कदम तहसीलदार और लेखपालों के बीच हुए विवाद के बाद उठाया गया है।
इससे पहले जिलाधिकारी ने प्रकरण में रजिस्ट्रार कानूनगो त्रियुगी नारायण शुक्ला तथा लेखपाल अनुज श्रीवास्तव व प्रदीप आर्या को निलंबित कर दिया था। अब नानपारा से तहसीलदार को हटाए जाने के बाद प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए पयागपुर तहसील के नायब तहसीलदार शैलेश अवस्थी को नानपारा का अतिरिक्त तहसीलदार नियुक्त किया गया है।
शैलेश अवस्थी पहले भी नानपारा में नायब तहसीलदार रह चुके हैं। उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में कोई व्यवधान न आए। नानपारा पहुंचते ही उन्होंने न्यायालय में बैठकर एसआईआर से संबंधित मामलों की सुनवाई शुरू कर दी।
इधर एसआईआर के दौरान एक नई समस्या सामने आई है। जिन महिलाओं का मायका पड़ोसी देश में है, उन्हें पहले वहां की नागरिकता रद्द कर भारत की नागरिकता ग्रहण करनी होगी, तभी उनका मतदाता पहचान पत्र बन सकेगा। बुधवार को ऐसी कई महिलाएं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण बिना काम हुए लौट गईं।
प्रशासन का कहना है कि सभी मामलों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा और प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित