देहरादून, नवंबर 03 -- त्तराखंड की राजधानी देहरादून के लेखक गांव में सोमवार को तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय स्पर्श हिमालय महोत्सव 2025 का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने किया।
इस महोत्सव का आयोजन उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक के संरक्षण और स्पर्श हिमालय फाउंडेशन के तत्वाधान में लेखक गांव में किया जा रहा है। इसमें कई देशों के साहित्यकार, कलाकार, शिक्षाविद, पर्यावरण विद् और युवा रचनाकार भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि उत्तराखंड के दैवीय वादियों के बीच संस्कृति, विचार एवं मानवता के संगम स्पर्श हिमालय महोत्सव 2025 में शामिल होने का उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ है। जहां 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और वैश्विक एकता का उत्सव मनाने के लिए गांव में एकत्रित होते हैं।
यहां कविता ,लोक कला और युवा संवादों के माध्यम से यह हिमालयी घाटियां ,मानवता सह अस्तित्व और शांति के संदेश से गूंज उठती है। इस आयोजन में गणमान्य अतिथि गण मॉरीशस गणराज्य के पूर्व राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन भी आए हैं। उन्हें आज इस मौके पर आचार्य अवधेशानंद जी , पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य बालकृष्ण व लेखक गांव के संरक्षक उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ निशंक से भी मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
3 नवंबर से 5 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव का समापन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह सेवानिवृत्ति की उपस्थिति में किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित