धार , फरवरी 13 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की कुक्षी तहसील के ग्राम जेतगढ़ में लूट व डकैती की योजना बना रहे चार बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हथियार भी जब्त किए गए हैं। एक अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

थाना प्रभारी संजय रावत ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि जेतगढ़ घाटी क्षेत्र में कुछ बदमाश झाड़ियों में छिपकर राहगीरों और वाहनों पर पत्थर से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की दो टीमें मौके पर पहुंचीं और घेराबंदी कर कार्रवाई की।

पुलिस ने आदतन अपराधी राजेंद्र उर्फ राजेश पिता ईडु मिनावा (28) सहित सीलिप पिता हिरला अलावा (29), बायसिंह पिता सुरसिंह मावी (31) और रमेश उर्फ रमु पिता खुमसिंह मंडलोई (45) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार राजेंद्र पूर्व में कर्नाटक में हुई चोरी की घटना में भी शामिल रहा है। सीलिप पर छह प्रकरण तथा अन्य तीन आरोपियों पर एक-एक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी द्वारा मासिक समीक्षा बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्त सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए थे। कुक्षी एसडीओपी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में टांडा पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार रावत सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों का योगदान रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित