अलवर , जनवरी 12 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के तिजारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया है।
थानाधिकारी जयप्रकाश ने सोमवार को बताया कि रायपुर जैरोली निवासी हासिर मेव ने शिकायत दर्ज कराई कि सात जनवरी को वह अपने साथियों के साथ जा रहे थे कि अज्ञात बदमाश उन पर हमला करके उनसे 70 हजार और दस्तावेज लूटकर फरार हो गये।
उन्होंने बताया कि इस पर बदमाशों की तलाश के लिये पुलिस दल का गठन किया गया जिसने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने लूटी गई 70 हजार रुपए की राशि बरामद कर ली है। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों की पहचान तिजारा के सरहेटा निवासी राकिब और लाल मस्जिद के पास निवासी इकरामुद्दीन उर्फ बन्जी मेव के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित