शिमला , मार्च 06 -- हिमाचल प्रदेश में लाहौल-स्पीति जिले में सर्दियों के मौसम की वजह से आठ सड़कें अब भी बंद हैं और कई अन्य रास्तों पर पाबंदियों के साथ आवाजाही जारी है। जिला प्रशासन की शुक्रवार सुबह जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि जिले में सड़कों का संपर्क आंशिक रूप से प्रभावित है, खास तौर पर ऊंचाई वाले इलाकों में ज्यादा दिक्कत है। अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल आठ मुख्य सड़कें पूरी तरह बंद हैं और ज्यादातर अन्य रास्तों को सीमित आवाजाही के लिये खोल दिया गया है।
मुख्य राजमार्गों की बात करें तो रोहतांग दर्रे से अटल टनल तक का रास्ता यातायात के लिए बंद है। मनाली-लेह राजमार्ग पर दारचा से सरचू जाने वाली सड़क भी सर्दियों की वजह से बंद है। इसी तरह, सुमदो-काजा-ग्रांफू मार्ग पर ग्रांफू बाताल रोड भी बंद है।
कुछ रास्तों को राहत देने के लिए खोला गया है। एटीआर नॉर्थ पोर्टल से दारचा तक की सड़क खुली है। दारचा से शिंकुला टॉप तक का रास्ता भी गाड़ियों के लिए चालू कर दिया गया है। लेकिन कुछ हिस्सों में बर्फ की वजह से गाड़ियों के पहियों में जंजीर बांधकर चलने की ही अनुमति दी जा रही है।
उदयपुर इलाके में तांदी से कदु नुल्लाह तक की सड़क खुली है। प्रशासन ने यह भी बताया कि उदयपुर, तिंदी, मयाड़, त्रिलोकनाथ, जाहल्मा और शांशा जैसे कई इलाकों में बिजली के 82 ट्रांसफार्मर अभी खराब पड़े हैं।
अधिकारियों ने राहत की बात यह बताई कि जिले में कहीं भी भूस्खलन, बाढ़ या बादल फटने जैसी कोई खबर नहीं है और पानी की आपूर्ति भी सामान्य है। जिले में मौसम फिलहाल साफ बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित