हल्द्वानी , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड में हल्द्वानी के तराई पूर्वी वन प्रभाग की डोली रेंज में बेशकीमती सागौन तस्करी का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार एसओजी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीलियापुर-डोली रेंज क्षेत्र से अवैध रूप से सागौन की लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। इस पर टीम ने ढोरा डाम रोड, सूर्य नगर-5 के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से किच्छा की ओर भाग निकला। पीछा करने पर चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान वाहन से 21 सागौन के लट्ठे बरामद किए गए प्रारंभिक जांच में इस पूरे प्रकरण में वन कर्मियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। एसओजी ने फरार चालक की तलाश तेज कर दी है और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

डीएफओ हिमांशु बागरी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है अगर विभागीय लोगों की मिली भगत है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। वन विभाग ने लकड़ी सहित बरामद पिकअप को गौला रेंज परिसर में खड़ा कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित