मुंबई , नवंबर 25 -- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने मुंबई के लोगों को 'चेतावनी' जारी करते हुए कहा है कि अगर मराठी समाज लापरवाह रहता है, तो आने वाला बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव 'मराठी मानुस' के लिए आखिरी चुनाव साबित हो सकता है।
श्री ठाकरे ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि मुंबई को हथियाने के लिए राजनीतिक हथकंडे अपनाये जा रहे हैं, इसलिए लोगों को चौकन्ना रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से 'लापरवाह न रहने' का अनुरोध करते हुए कहा कि निहित राजनीतिक स्वार्थ शहर की सत्ता पर वर्चस्व हासिल करने की तैयारी कर रहे हैं।
श्री ठाकरे ने आरोप लगाया कि मराठी आबादी को दरकिनार कर शहर के राजनीतिक परिदृश्य को बदलने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर मराठी मतदाता इन चालों को पहचानने में नाकाम रहते हैं तो इसके नतीजे 'अपरिवर्तनीय' हो सकते हैं।
श्री ठाकरे ने कहा, " यह मराठी मानुस के लिए आखिरी चुनाव हो सकता है। अगर हमने लापरवाही की तो यह समझना होगा कि सत्ता हमारे हाथ से निकल जायेगी। उसके बाद 'ये लोग' जो अराजकता फैलाएंगे, उस पर काबू पाना हर किसी के लिए असंभव होगा।"श्री ठाकरे ने मराठी समुदाय से अनुरोध किया कि वे आगामी चुनाव से पहले एक हो जायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित