चित्तौड़गढ़ , फरवरी 07 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन थाना क्षेत्र में शनिवार को पानी से भरे एक गड्डे में लापता मां एवं बेटे के शव मिलने से सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह रंडियारड़ी मार्ग पर पानी से भरे गड्ढे में एक बच्चे का शव तैरता पाए जाने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर वृत्ताधिकारी और थानाधिकारी मौके पर पहुंचे और शव बाहर निकलवाया।

इससे पहले शुक्रवार को सुरेश प्रजापत ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी कि उसकी पत्नी ममता अपने 11 वर्षीय पुत्र को लेकर घर से मंदिर जाने के लिए सुबह निकली थी जो काफी तलाश के बाद भी नहीं मिली। पुलिस ने इसे ध्यान में रख सुरेश को मौके पर बुलाया तो उसने बेटे का शव पहचान लिया, गड्ढे में तलाश की गयी तो ममता का शव भी मिल गया।

पुलिस ने पीहर पक्ष को भी बुलवाया, लेकिन कोई शिकायत नहीं करने पर दोनों के शव पोस्टमार्टम करवाकर ससुराल पक्ष को सौंप दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित