रांची , दिसम्बर 04 -- झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस ने गुरुवार को कुख्यात अपराधी संगठन अमन साहू और राहुल सिंह गिरोह के मनी ट्रेल मास्टरमाइंड शाहिद अंसारी को गिरफ्तार किया है।

शाहिद अंसारी रांची के आजाद नगर का रहने वाला है और उसे लातेहार पुलिस ने रांची से ही दबोचा। पुलिस जांच में सामने आया है कि शाहिद ने पिछले वर्ष लेवी के जरिए वसूले गए करीब 50 लाख रुपये का अवैध रूप से हस्तांतरण किया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक अमन साहू-राहुल सिंह गिरोह लातेहार के कई इलाकों में लगातार सक्रिय था और भय का माहौल बनाकर रंगदारी वसूली कर रहा था। इनकी बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए बालूमाथ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अभियान चलाया और अब तक सात अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसी क्रम में पुलिस को पता चला कि गिरोह का एक सदस्य लेवी के पैसे का मनी ट्रेल संभालता है, जिसके बाद शाहिद की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की रणनीति बनाई गई।

पूछताछ में शाहिद ने अपने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह अमन साहू और राहुल सिंह गिरोह के लिए काम करता था। उसका मुख्य कार्य लेवी के पैसों का लेनदेन करना और गिरोह के सदस्यों के बीच संपर्क स्थापित कराना था। वह पिछले कुछ वर्षों से इन अपराधी संगठनों के संपर्क में सक्रिय था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शाहिद की जल्द ही शादी होने वाली थी, जो अमन साहू गिरोह के सदस्य आकाश राय की साली से तय हुई थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

इंस्पेक्टर परमानंद बिरुआ ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरोह के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार, सब इंस्पेक्टर गौतम कुमार, देवेंद्र कुमार, अमित कुमार रविदास, अनुभव सिन्हा, होसेन डांग सहित कई पुलिस अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित