लातेहार , मार्च 19 -- झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है।

गिरफ्तार नक्सली अभियुक्त मृत्युंजय भुईयां उर्फ फरेश भुईयां उर्फ अवधेश जी उर्फ दिलीप भुईयां एवं बब्लू राम उर्फ बब्लूराम चंद्रवंशी उर्फ रोहित चंद्रवंशी उर्फ बब्लू जी उर्फ बब्लू कहार की निशानदेही पर पुलिस ने मिरचईया जंगल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है, जिससे नक्सली गतिविधियों को बड़ा झटका माना जा रहा है।

इस संबंध में एसपी कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि 14 मार्च को न्यायालय में पेशी के उपरांत दोनों अभियुक्तों को छिपाकर रखे गए आग्नेयास्त्र, आईईडी एवं अन्य सामग्रियों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए पांच दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान की गई सघन पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने अपने-अपने अपराध स्वीकार करते हुए महत्वपूर्ण खुलासे किए।

मुख्य अभियुक्त मृत्युंजय भुईयां ने बताया कि गारू थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरचईया जंगल में उसने एक इंसास राइफल, उसके मैगजीन, कारतूस तथा पोच को जमीन के अंदर करीब एक से डेढ़ फीट नीचे सुरक्षित तरीके से छिपाकर रखा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके। वहीं सह अभियुक्त बब्लू राम ने भी पूछताछ में खुलासा किया कि उसी जंगल के अलग स्थान पर, मिरचईया नाला के समीप एक सेमी राइफल, एक कारबाइन दोनों हथियारों के कारतूस व पोच जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए हैं।

अभियुक्तों की निशानदेही के आधार पर पुलिस द्वारा तत्काल एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया और मिरचईया जंगल में सघन अभियान चलाया गया। छापामारी के दौरान मृत्युंजय भुईयां के बताए स्थान से एक इंसास राइफल, 5.56 बोर के 70 जिंदा कारतूस, तीन मैगजीन एवं एक पोच बरामद किया गया, जबकि बब्लू राम की निशानदेही पर एक सेमी राइफल, 77 जिंदा कारतूस, एक कारबाइन राइफल, 23 जिंदा कारतूस तथा दो पोच बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार सभी हथियारों को जमीन के अंदर काफी सावधानीपूर्वक छिपाया गया था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि नक्सली किसी बड़ी घटना की तैयारी में थे। इस सफल अभियान में छिपादोहर थाना प्रभारी मो. यकीन अंसारी, गारू थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा, बारेसाढ़ थाना प्रभारी शशि कुमार, महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, विकाशेन्दु त्रिपाठी, श्यामलाल कपड़दार सहित विभिन्न सशस्त्र बलों के जवान शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में नक्सलियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह बहाल रह सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित