लातेहार , फरवरी 01 -- झारखंड के लातेहार जिले मॆं पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 गौवंशीय पशुओं को बरामद किया है।
इस दौरान पुलिस ने छह पशु तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर एनएच 75 पर वाहन जांच अभियान के दौरान की गई। मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को सूचना मिली थी कि सतबरवा की ओर से दो पिकअप वाहनों में गौवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादकर अवैध रूप से लातेहार की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आलोक में सअनि कमलेश कुमार प्रसाद एवं सशस्त्र बल के सहयोग से मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नामुदाग स्थित पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सतबरवा की ओर से आ रहे दो पिकअप वाहन क्रमांक जेएच-03 एपी 9759 एवं जेएच-19 एफ 2465 को रोका गया।
तलाशी लेने पर दोनों वाहनों में कुल 20 गौवंशीय पशु (प्रत्येक वाहन में 10-10) क्रूरतापूर्वक लदे पाए गए। पुलिस द्वारा वाहन चालकों एवं उसमें सवार व्यक्तियों से पशुओं से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद दोनों पिकअप वाहन एवं पशुओं को विधिवत जब्ती सूची तैयार कर जब्त कर लिया गया।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में हिरालाल चौधरी (50) निवासी खामडीह, सतबरवा, अहमद अंसारी (66), इरफान अंसारी (47), जैनुल अंसारी (40) सभी निवासी लेस्लीगंज थाना क्षेत्र, जिला पलामू, अधीन कुमार यादव (18) निवासी होटवाग, लातेहार तथा दानीश अंसारी (18) निवासी पंडरी, थाना चान्हो, जिला रांची शामिल हैं। छापामारी अभियान में थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, सअनि कमलेश प्रसाद यादव एवं सैट-126 सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित