लातेहार , फरवरी 03 -- झारखंड में लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत 30 दिसंबर 2025 को तुबेद कोल माइंस गेट के पास अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है।
इस मामले में पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में दीपक उरांव पिता धर्मदेव राम ( ईचावार, लातेहार) एवं अनिल उरांव पिता दिरखु उरांव ( परसही, भगन टोला, लातेहार ) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से तीन देशी पिस्तौल, 16 जिंदा कारतूस), तीन मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल शामिल है। इसकी जानकारी एसडीपीओ अरविंद कुमार ने प्रेस वार्ता कर दी।
श्री अरविंद ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़वागड़ा-सुकरी नदी के पास कैमा से सोहदाग जाने वाले रास्ते में दो अपराधी फिर से कोल माइंस क्षेत्र में गोलीबारी की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया। टीम ने घेराबंदी कर दोनों अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी दीपक उरांव का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कुल 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अनिल उरांव के खिलाफ भी एक मामला दर्ज है। दीपक हाल ही में जेल से छूटने के बाद पुनः आपराधिक घटनाओं में सक्रिय हो गया था।
छापेमारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक विक्रांत उपाध्यक्ष, राजा दिलावर, राहुल सिन्हा, रविंद्र महली, हवलदार मनीष रजवार, आरक्षी राजेश कुमार शर्मा, रामकिशोर उरांव, धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में थाना प्रभारी प्रमोद सिंह भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित