लातेहार , मार्च 07 -- झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत छोटे से गांव चटकपुर के विपुल गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में 103वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने का सपना पूरा किया है।
यह उनके लिए तीसरा प्रयास था उन्होंने इस बार अपने पिछले प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। विपुल की इस सफलता से उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। उनके चाचा लक्ष्मी गुप्ता नेतरहाट आवासीय विद्यालय में कार्यरत हैं, अपने भतीजे की सफलता पर काफी खुश नजर आए, उन्होंने बताया की शुरू से ही विपुल आईएएस बनना चाहते थे, पहली बार यूपीएससी की परीक्षा में 367 वां रैंक प्राप्त किया। साथ ही यूपीएससी द्वारा आयोजित आईआरएस परीक्षा में पूरे भारत में 12 वां स्थान प्राप्त किया था। अब दोबारा यूपीएससी की परीक्षा में 103 वां रैंक प्राप्त किया है। उनकी सफलता से हमारे पूरे परिवार में हर्ष का माहौल है।
चचेरे भाई संदीप कुमार गुप्ता ने कहा विपुल ने अपनी कड़ी मेहनत और अटूट संकल्प से परिवार और समाज का मान बढ़ाया है। विपुल के पिता पवन कुमार गुप्ता एक इंजीनियर हैं, और उनकी माता डॉ. दीपा गुप्ता एक प्रोफेसर हैं। विपुल ने अपनी 10वीं और 12वीं की पढ़ाई विशाखापत्तनम से पूरी की और बाद में आईआईटी मद्रास से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। विपुल की सफलता युवाओं के लिए एक प्रेरणा है यह दर्शाती है कि कड़ी मेहनत व धैर्य से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित