चंडीगढ़ , दिसंबर 26 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार ने चुनाव के दौरान किये गये 217 संकल्पों में से 54 को पूरा कर लिया है। इनमें महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से शुरू की गयी लाडो लक्ष्मी योजना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री राखीगढ़ी में आयोजित दूसरे राज्य स्तरीय राखीगढ़ी महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार अपने चुनावी वादों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने महिलाओं से लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पंजीकरण कराने का आग्रह किया। पंजीकरण और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र महिलाओं को 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत लाभार्थियों के खातों में दो किस्तें पहले ही जमा की जा चुकी हैं।
श्री सैनी ने बताया कि अब तक लगभग 10 लाख महिलाओं ने लाडो लक्ष्मी योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि यह योजना राज्य में महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित